आउटसोर्स कर्मचारी 20 को करेंगे न्याय दिलाओ सभा, सौंपेगे ज्ञापन
भोपाल। ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स अस्थाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा, मध्य प्रदेश की एक प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को भोपाल के नीलम पार्क में संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश के 25 से अधिक जिलों के प्रतिनिधियों और 10 से अधिक कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने हुंकार भरी। कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है।
मोर्चा के निर्णय अनुसार, आगामी 14 जुलाई को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के नाम 14 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। कर्मचारियों द्वारा आउटसोर्स और अस्थाई कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 26,000 प्रतिमाह किया जाए, नौकरी की सुरक्षा (जॉब सिक्योरिटी) सुनिश्चित की जाए ताकि कर्मचारियों को बेवजह न निकाला जा सके, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के लंबित एरियर और बकाया वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए इन मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा
विधानसभा के सामने न्याय दिलाओ सभा
आंदोलन के अगले चरण में 20 जुलाई को भोपाल में विधानसभा सत्र के दौरान एक न्याय दिलाओ सभा का आयोजन किया जाएगा। इस सभा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वासुदेव शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष (संयुक्त मोर्चा) ने कहा कि लाखों आउटसोर्स और अस्थाई कर्मचारी वर्षों से बेहद कम वेतन और असुरक्षित भविष्य के साये में काम कर रहे हैं। सरकार को तुरंत न्यूनतम वेतन 26,000 रूपए करना चाहिए और शोषण बंद करना चाहिए।
