एमआरपी से ज्यादा मूल्य पर प्रदेश में बिक रहा खाद
दिग्विजय सिंह ने लिखा मुख्यमंत्री को पत्र
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश में डीएपी, एसएसपी तथा विभिन्न कॉम्प्लेक्स उर्वरकों के वितरण और बिक्री में सामने आ रही गंभीर अनियमितताओं पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव को संबोधित अपने पत्र में सिंह ने कहा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से किसानों एवं किसान संगठनों द्वारा शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि सहकारी समितियों, विपणन संस्थाओं तथा निजी विक्रेताओं के माध्यम से उर्वरकों का विक्रय मुद्रित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दरों पर किया जा रहा है। किसानों की यह भी शिकायत है कि पुराने स्टॉक में उपलब्ध उर्वरकों, जिनकी खरीद एवं मुद्रित कीमत कम थी, उन्हें पीओएस एवं ई-टोकन प्रणाली में प्रदर्शित नई एवं बढ़ी हुई दरों पर बेचा जा रहा है।
सिंह ने कहा कि यह मामला केवल मूल्य वृद्धि का नहीं, बल्कि किसानों के उपभोक्ता अधिकारों, पारदर्शिता तथा कानून के संभावित उल्लंघन से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रदेशभर में उर्वरक वितरण एवं विक्रय व्यवस्था की विशेष और स्वतंत्र जांच कराई जाए, पुराने स्टॉक पर नई दरों की वसूली की शिकायतों की जिला स्तर पर जांच हो, किसानों से अधिक वसूली गई राशि वापस कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
