परीक्षा परिणामों में देरी से नाराज अभाविप ने किया प्रदर्शन
भोपाल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय में व्याप्त छात्र समस्याओं, प्रशासनिक अनियमितताओं और लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि लंबे समय से छात्र कई समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनके समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
अभाविप ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में छात्रों को शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के अनुसार कई महत्वपूर्ण मामलों के निराकरण में देरी हो रही है, जिससे विद्यार्थियों को असुविधा हो रही है। परिषद का कहना है कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और उनके समाधान के लिए प्रशासन को जवाबदेह बनाया जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान अभाविप कार्यकर्ताओ ने परीक्षा, परिणाम, छात्र सुविधाओं और अन्य लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्र नेताओं ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर विद्यार्थियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
