भाजपा के तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने के बाद मिली क्लीन स्वीप
भोपाल। राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रहा सस्पेंस गुरुवार को खत्म हो गया। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद भाजपा ने राज्य की तीनों सीटों पर क्लीन स्वीप कर लिया है। नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होते ही मैदान में सिर्फ तीन उम्मीदवार बचे, जिसके बाद रिटर्निंग अधिकारी ने तीनों भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया।
विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर अरविंद शर्मा ने भाजपा उम्मीदवारों तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। नाम वापसी की अंतिम समय-सीमा समाप्त होने के बाद तीन सीटों के लिए केवल तीन उम्मीदवार ही मैदान में बचे थे, जिसके चलते मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। तीनों प्रत्याषियों ने प्रमाण पत्र लिया और भाजपा कार्यालय चले गए। इस दौरान मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाए रखी। रिटर्निंग ऑफिसर से प्रमाण पत्र मिलने के बाद अब भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्वागत समारोह आयोजित किया। विधायक दल की बैठक के बाद ये तीनों नवनिर्वाचित सांसद पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मीनाक्षी का मामला
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होने का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है। कोर्ट में वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इस पर तुरंत सुनवाई की मांग की थी। कांग्रेस ने रिटर्निंग अधिकारी के फैसले को गलत, पक्षपातपूर्ण और कानून के विरुद्ध बताते हुए चुनाव परिणाम पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल नतीजों पर रोक लगाने से साफ इनकार कर दिया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 12 जून की तारीख तय की है। वहीं, चुनाव आयोग और रिटर्निंग अधिकारी की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने कांग्रेस की याचिका का कड़ा विरोध किया।
राष्ट्रपति से मांगा मुलाकात का समय
राज्यसभा चुनाव के लिए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के बाद पार्टी ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस के सभी 62 विधायकों के हस्ताक्षर के साथ राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा गया है और शुक्रवार को सभी विधायक दिल्ली पहुंच रहे हैं।उन्होंने कहा कि सारे नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमने निर्वाचन अधिकारी के सामने सारे तथ्य रखे, लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं मानी।
