नियुक्ति की मांग को लेकर चयनित शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
भोपाल। राजधानी भोपाल में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के बाहर सोमवार को शिक्षक भर्ती 2023 के चयनित नृत्य और गायन शिक्षकों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। नियुक्ति में हो रही देरी के खिलाफ इन चयनित शिक्षकों ने ढपली बजाकर, गीत गाकर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सरकार के सामने अपनी पीड़ा जाहिर की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया साल 2023 में शुरू हुई थी, लेकिन परीक्षा में चयनित होने के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है। दिसंबर 2025 से ये अभ्यर्थी लगातार आंदोलन कर रहे हैं। लंबे इंतजार के कारण अब वे आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुके हैं। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने ढपली की थाप पर गीत गाए। प्रदर्शन में शामिल महिला शिक्षकों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि नौकरी न मिलने के कारण अब उन पर परिवार की ओर से शादी का दबाव लगातार बढ़ रहा है। वहीं, प्रदर्शन में शामिल एक दिव्यांग महिला शिक्षक ने रोते हुए कहा कि बेहद कठिन संघर्षों के बाद उनका चयन हुआ था, लेकिन सरकार की ढुलमुल नीति के कारण आज उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश सरकार एक छोटी सी नियुक्ति प्रक्रिया को वर्षों तक खींच रही है।
जयवर्धन सिंह पहुंचे प्रदर्शन स्थल
शिक्षकों के इस आंदोलन को समर्थन देने पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे। उन्होंने अभ्यर्थियों की मांग को पूरी तरह जायज ठहराते हुए सरकार से तत्काल नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। जयवर्धन सिंह ने कहा अधिकारियों ने शिक्षकों को 1 जुलाई तक नियुक्ति देने का आश्वासन दिया है। यदि तय समय सीमा के भीतर नियुक्तियां नहीं की गईं, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएगी और सरकार को घेरेगी।
