प्रधानमंत्री 6 जून को गाडरवाड़ा में करेंगे अत्याधुनिक बिजली इकाइयों का भूमिपूजन
भोपाल। प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 6 जून को राज्य को एक बड़ी सौगात देने आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा में स्थित एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन की विस्तार परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। इस विस्तार के तहत 1600 मेगावाट क्षमता की दो नई अत्याधुनिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिससे प्रदेश में बिजली का संकट हमेशा के लिए खत्म होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनवरी 2026 में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना के भूमिपूजन का विशेष अनुरोध किया था। प्रधानमंत्री की हरी झंडी मिलने के बाद अब प्रशासन और विभाग ने दौरे की तैयारियां युद्ध स्तर पर तेज कर दी हैं। गाडरवाड़ा की इस नई परियोजना में पर्यावरण और जल संरक्षण का विशेष ध्यान रखा गया है। इसमें अत्याधुनिक अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक और एयर कूल्ड कंडेंसर का उपयोग किया जाएगा। इस एडवांस टेक्नोलॉजी का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि संयंत्र में पानी की खपत पारंपरिक कूलिंग टावर वाले पावर प्लांट की तुलना में घटकर महज 1/3 (एक-तिहाई) रह जाएगी।
परियोजना की विशेषताएं
एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन यह परियोजना नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा तहसील में गंगई गांव के पास स्थित है। इसकी क्षमता 1600 मेगावाट (2 इकाइयां 800 मेगावाट) है। परियोजना की कुल लागत करीब 20 हजार 446 करोड़ रुपए है। परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य वर्ष 2029-30 तक पूर्ण होने रखा गया है।
