अंग्रेजी और गणित में सबसे ज्यादा अतिथि शिक्षकों के पद खाली
भोपाल। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले ही अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि स्कूलों में पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके।
विभाग द्वारा विषयवार खाली पदों की सूची जारी कर दी गई है। इसके अनुसार, माध्यमिक शिक्षक वर्ग में सबसे अधिक रिक्तियां अंग्रेजी, गणित और संस्कृत विषय में सामने आई हैं। इन विषयों में नियमित शिक्षकों की कमी के कारण लंबे समय से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। विभाग ने जिलेवार और विषयवार रिक्त पदों का विवरण जारी कर दिया है। रिक्त पदों के अनुसार पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। 16 जून से स्कूल खुलते ही चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और चयनित अतिथि शिक्षकों को 1 जुलाई से संबंधित स्कूलों में ज्वाइनिंग दे दी जाएगी। ग्रीष्मावकाश समाप्त होते ही इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जाएगा ताकि सत्र के पहले दिन से ही बच्चों को शिक्षक मिल सकें।
