मंत्री पटेल ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं, निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री पटेल ने आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
भाजपा संगठन की ओर से हाल ही में लिए गए निर्णय के तहत प्रदेश कार्यालय में प्रत्येक माह मंत्रियों द्वारा कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में आज मंत्री श्री पटेल जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री पटेल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से सौजन्य भेंट कर पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री पटेल, प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल और पार्टी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मंत्री पटेल ने मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
