बरगी डैम क्रूज हादसा, कांग्रेस ने उच्च स्तरीय जांच की मांग
मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव को लिखा पत्र
भोपाल। जबलपुर के बरगी डैम में हाल ही में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि भ्रष्ट और लापरवाह सिस्टम द्वारा की गई प्रशासनिक हत्या है। त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन को पत्र लिखकर इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने 12 सितंबर 2023 को ही क्रूज संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बावजूद जल संसाधन विभाग, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की मिलीभगत से अवैध रूप से क्रूज का संचालन किया जा रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके संरक्षण में एनजीटी के आदेशों को ठेंगा दिखाया जा रहा था? उन्होंने कहा कि जल संसाधन विभाग के अधिकार क्षेत्र में बिना अनुमति के क्रूज चलना और विभाग को इसकी भनक न होना नामुमकिन है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में पारदर्शी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
कांग्रेस ने सरकार हादसे की जांच रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में स्वतंत्र रूप से कराई जाने की मांग की है। कांग्रेस ने मांग की है कि गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत जिम्मेदार अधिकारियों और संचालकों पर मुकदमा दर्ज हो, जांच से पहले ही क्रूज को डिस्मेंटल (नष्ट) करने वाले अधिकारियों पर सबूत मिटाने की धाराएं लगाई जाएं, मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, प्रदेश की सभी जल पर्यटन परियोजनाओं और क्रूज संचालन का तत्काल सुरक्षा ऑडिट हो।
