भोपाल-जबलपुर सहित 7 संभागों को मिले नए पुलिस प्रभारी
संभागों में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती, मुख्यमंत्री करेंगे मॉनिटरिंग
भोपाल। प्रदेश में अपराध नियंत्रण और सुशासन को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी की है। मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति को अमलीजामा पहनाने के उद्देश्य से शासन ने प्रदेश के विभिन्न संभागों की कानून-व्यवस्था की कमान अब वरिष्ठतम आईपीएस अधिकारियों के हाथों में सौंप दी है।
यह रणनीतिक बदलाव मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली समीक्षा बैठकों के प्रभावी क्रियान्वयन और मैदानी पुलिसिंग की सीधी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। गृह विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के तहत, जेल महानिदेशक वरुण कपूर को राजधानी भोपाल संभाग का महत्वपूर्ण प्रभार दिया गया है। वहीं, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) के महानिदेशक उपेन्द्र कुमार जैन को उज्जैन संभाग की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा जी. अखेतो सेमा (विशेष पुलिस महानिदेशक) को चंबल संभाग, पंकज कुमार श्रीवास्तव को जबलपुर संभाग, रवि कुमार गुप्ता को नर्मदापुरम संभाग, अनंत कुमार सिंह को सागर संभाग और राजाबाबू सिंह (अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक) शहडोल संभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासनिक गलियारों में इस कदम को पुलिसिंग में कसावट लाने के एक बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। इन नियुक्तियों के पीछे मुख्य उद्देश्य प्रभावी अनुश्रवण और बेहतर पर्यवेक्षण है।
