कृषि कल्याण वर्ष के नाम पर हो रहा किसानों से छलावा
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को अचानक विदिशा कृषि उपज मंडी पहुंचे। इस दौरान पटवारी ने न केवल किसानों की समस्याएं सुनीं, बल्कि दोपहर के समय किसानों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन भी किया। इस आत्मीय व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा, वहीं पटवारी ने इस मौके पर भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर प्रहार किए।
किसानों को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार एक ओर कृषि कल्याण वर्ष मनाने का ढोंग कर रही है, वहीं दूसरी ओर अन्नदाता के साथ सरेआम धोखा किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश के कृषि मंत्री हमारे ही प्रदेश और इसी विदिशा क्षेत्र से हैं, इसके बावजूद प्रदेश में बारदाने की कमी है। कभी बाढ़ तो कभी अन्य बहाने बनाकर फसल खरीदी की तारीखें बढ़ाई जा रही हैं। सालभर खून-पसीना एक करने वाले किसान को उसकी फसल बेचने के वक्त दर-दर भटकने पर मजबूर किया जा रहा है। पटवारी ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि आज किसानों को अपनी उपज पर प्रति क्विंटल 300 से 400 रूपए का घाटा सहना पड़ रहा है। उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए कहा कि हमें यह नुकसान चुपचाप सहन नहीं करना चाहिए। उन्होंने एक किसान का उदाहरण देते हुए बताया कि कल के विरोध प्रदर्शन के बाद जिस उपज का दाम 1800-1900 मिल रहा था, वह आज बढ़कर 2200 तक पहुँच गया है। यह साबित करता है कि आवाज उठाने से बदलाव आता है। सरकार को चेतावनी देते हुए पटवारी ने कहा कि ने घोषणा की कि किसानों के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। आगामी 9 तारीख को कांग्रेस पूरे प्रदेश में जिला कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेगी।
