अंबेडकर जयंती तक चलेगा भाजपा का गांव-बस्ती चलो अभियान
जबलपुर में मुख्यमंत्री, भिंड में प्रदेश अध्यक्ष करेंगे अभियान की शुरूआत
भोपाल। भाजपा ने अपने संगठनात्मक अभियान गांव-बस्ती चलो की रणनीतिक तैयारियों में बड़ा बदलाव किया है। पहले 7 अप्रैल से शुरू होने वाला यह अभियान अब 8 अप्रैल से प्रारंभ होगा। साथ ही, इसकी अवधि को भी विस्तार दिया गया है। अब यह अभियान 12 अप्रैल के स्थान पर 14 अप्रैल को संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती तक जारी रहेगा।
अभियान के आगाज के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं ने मोर्चा संभालेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में अभियान की शुरुआत कर किसी ग्रामीण क्षेत्र या बस्ती में प्रवास करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भिंड और मुरैना जिले के प्रवास पर रहेंगे और वहां स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद करेंगे। पार्टी ने इस अभियान के पूर्व निर्धारित चार बिंदुओं में अब एक महत्वपूर्ण पांचवा बिंदु भी जोड़ दिया है। नए लक्ष्य के तहत प्रत्येक ग्राम और बस्ती स्तर पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण करना और अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिकों के साथ सघन संपर्क एवं संवाद स्थापित करना। पूर्व में अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाना, पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं का सम्मान करना, बुद्धिजीवियों और गणमान्य व्यक्तियों से भेंट और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा और लाभार्थियों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करना का लक्ष्य तय किया था।
जिलों में होंगे सम्मेलन
अभियान के समांतर ही भाजपा जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों के सम्मेलन भी आयोजित करने जा रही है। प्रत्येक सम्मेलन में तीन वक्ता होंगे (एक प्रदेश संगठन से और दो जिला स्तर से)। प्रत्येक वक्ता को 15-15 मिनट का समय आवंटित किया गया है। वक्ताओं का संबोधन मुख्य रूप से भाजपा का संगठनात्मक विस्तार, राष्ट्र प्रथम’ की विचारधारा, अंत्योदय, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों पर केंद्रित रहेगा। इस अभियान के जरिए भाजपा का लक्ष्य जमीनी स्तर पर मतदाता से सीधा जुड़ाव बनाना और चुनावी सफलता के लिए जनसमर्थन को सुदृढ़ करना है।
