देश के विकास को प्रभावित किया कांग्रेस की नीतियों ने
भोपाल। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने देश के विकास को प्रभावित किया है। कांग्रेस नेता हताशा की स्थिति में है, इसके चलते वे असंयमित होते जा रहे हैं।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री सिंह ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी हताशा की स्थिति में है और उसके नेताओं की भाषा असंयमित होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीतियों ने देश के विकास को प्रभावित किया है। साथ ही आगामी चुनावों में कांग्रेस की स्थिति कमजोर रहने का दावा भी किया।
