तीन महीने में कनेक्शन न लेने पर एलपीजी हो सकती है बंद
जिन शहरों में पीएनजी की व्यवस्था वहां उपभोक्ता को लेना होगा कनेक्शन
भोपाल। प्रदेश सरकार प्रदेश में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में अब उपभोक्ताओं को पारंपरिक एलपीजी सिलेंडर के बजाय पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां आगामी तीन महीनों के भीतर उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेना होगा, अन्यथा उनका एलपीजी कनेक्शन बंद किया जा सकता है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश की सभी 10 सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं को निर्देश दिए हैं कि वे अगले तीन महीनों का लक्ष्य निर्धारित कर घर-घर पीएनजी पहुंचाना सुनिश्चित करें। मंत्री ने कहा कि प्रतिदिन आने वाले आवेदनों और दिए जा रहे कनेक्शनों की सतत निगरानी की जाएगी। थिंक गैस को नोडल संस्था बनाकर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एफएक्यू तैयार करने को कहा गया है।
उपभोक्ताओं को त्वरित सेवा देने के लिए सरकार ने विशेष योजना बनाई है। इसके तहत स्कूल, हॉस्टल, आंगनवाड़ी और कम्युनिटी किचन जैसे स्थानों पर आवेदन के मात्र 5 दिन के भीतर कनेक्शन देने के निर्देश हैं। जिला आपूर्ति अधिकारी आईटीआई और पॉलिटेक्निक के छात्रों की सूची सीजीडी संस्थाओं को देंगे। इन युवाओं को वेंडर्स के साथ जोड़कर फील्ड पर काम करने वाली टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी। पाइपलाइन बिछाने के लिए वन, लोक निर्माण और पंचायत विभाग जैसे विभागों को 24 घंटे के भीतर राइट ऑफ यूज (आरओयू) अनुमति देने के आदेश दिए गए हैं।
जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम
पीएनजी वितरण की प्रगति की समीक्षा कलेक्टर और जिला आपूर्ति अधिकारियों द्वारा की जाएगी। उपभोक्ताओं की शिकायतों और मांग के त्वरित निराकरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए जा चुके हैं। भारत सरकार के गतिशक्ति पोर्टल पर भी पाइपलाइन का डेटा अपलोड किया जा रहा है ताकि योजना को पारदर्शी बनाया जा सके।
इन शहरों के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
सीजीडी संस्थाओं को घरेलू एवं व्यावसायिक पीएनजी के आवेदनकर्ताओं को पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करने के लिये सीजीडी संस्थाओं के कंट्रोल रूम नम्बर इस प्रकार हैं। अवंतिका गैस लिमिटेड- इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर (9424098887), गैल गैस लिमिटेड – देवास, रायसेन, शाजापुर, सीहोर (7880001788), नवेरिया गैस लिमिटेड – धार (07292-223311), थिंक गैस – भोपाल, राजगढ़, शिवपुरी (1800-5727-107), आईओसीएल – गुना (9425991090), मउगंज, रीवा (9424836488), अशोकनगर (9425119522), मुरैना (7223982333), बीपीसीएल – मैहर, सतना शहडोल (9424738607), सीधी, सिंगरौली (9424341954), गुजरात गैस लि. – रतलाम (7412230292) शामिल है। प्रदेश के इन स्थानों से पाइप-लाइन के आस-पास के घरेलू एवं व्यावसायिक उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन के लिये आवेदन कर सकते हैं।
