कोतमा लाज हादसे की होगी निष्पक्ष जांच, तीन की मौत
मुख्यमंत्री ने किया सहायता राशि की घोषणा
भोपाल। अनूपपुर जिले के कोतमा में शनिवार शाम हुए दर्दनाक लॉज हादसे को लेकर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों को तत्काल राहत राशि पहुँचाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने रविवार दोपहर तक चले सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे से सभी हताहतों को बाहर निकाल लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे की होगी निष्पक्ष जांच कराए जाने की बात कही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने सहायता राशि का विवरण साझा करते हुए बताया प्रत्येक मृतक के परिवार को कुल 9 लाख रुपयेकी सहायता दी जाएगी (4 लाख मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान, 4 लाख संबल योजना और 1 लाख रेडक्रॉस से)। इसी तरह गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 2.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी (2 लाख मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान और 50 हजार रेडक्रॉस से)।
गौरतलब है कि कोतमा में लॉज भवन ध्वस्त होने के बाद शनिवार शाम से ही युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और एसईसीएल की टीमों ने आधुनिक मशीनों और डॉग स्क्वॉड की मदद से रविवार दोपहर तक मलबे की गहन तलाशी ली। रेस्क्यू टीम ने मलबे से 3 व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुँचाया। इस हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हो गई है, जिनकी पहचान हनुमान दीन यादव, रामकृपाल यादव और एक अन्य स्थानीय निवासी के रूप में हुई है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। अन्य घायलों का उपचार कोतमा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
