भाजपा के स्थापना दिवस पर जमीन पर उतरेंगे दिग्गज
7 से 12 अप्रैल तक जनता के बीच रहेंगे मंत्री, सांसद और विधायक
भोपाल। भाजपा अपने स्थापना दिवस 6 अप्रैल को इस बार एक बड़े जन-संपर्क अभियान के रूप में मनाने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देशों के बाद अब प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से जनता के बीच जाना होगा। पार्टी 7 से 12 अप्रैल तक प्रदेश व्यापी गांव-बस्ती चलो अभियान शुरू करने जा रही है।
केंद्रीय संगठन की ओर से प्रदेश भाजपा को स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए हैं कि सभी जनप्रतिनिधियों को जमीन पर उतरकर बस्तियों और गांवों का दौरा करना होगा। इस अभियान की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी स्वयं किसी गांव या बस्ती में प्रवास पर जा सकते हैं। इस दौरान नेता न केवल स्थानीय समस्याएं सुनेंगे, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की विचारधारा से भी लोगों को अवगत कराएंगे। अभियान की शुरुआत से पहले पार्टी अपने स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाएगी। 5, 6 और 7 अप्रैल को प्रदेश के सभी भाजपा कार्यालयों को भव्य रूप से सजाया जाएगा। भाजपा कार्यालयों से विशेष यात्राएं निकाली जाएंगी जो विभिन्न बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेंगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हर बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक पार्टी का संदेश पहुंचाना है।
जिलों में सक्रिय सदस्य सम्मेलन
संगठनात्मक मजबूती के लिए 8 और 9 अप्रैल की तारीखें बेहद महत्वपूर्ण रखी गई हैं। इन दो दिनों में प्रत्येक जिले में सक्रिय सदस्य सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के माध्यम से भाजपा अपने सक्रिय सदस्यों को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए प्रशिक्षित करेगी और जमीनी नेटवर्क को और अधिक धार देगी।
