कथा वाचक मोहित नागर कांग्रेस में शामिल
बोले आदिवासी हिंदू और सनातन के अनुयायी
भोपाल। प्रदेश की राजनीति में आध्यात्मिक चेहरों की एंट्री का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में प्रदेश के चर्चित संत और कथा वाचक मोहित नागर ने शुक्रवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें पार्टी की विधिवत सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस में शामिल होते ही मोहित नागर ने आदिवासी अस्मिता और धर्म को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने आदिवासियों को हिंदू बताते हुए कहा कि आदिवासी समाज पूरी तरह सनातन का अनुयायी है। मैंने अब तक 10 से 15 हजार आदिवासियों को दीक्षा दी है और मेरा अधिकांश समय आदिवासी क्षेत्रों में भागवत कथाएं करने में बीतता है। अगर हम रामचरितमानस देखें, तो मां शबरी ने भी प्रभु राम का इंतजार किया था, जो आदिवासियों के सनातन जुड़ाव का सबसे बड़ा प्रमाण है।
भाजपा पर पटवारी का प्रहार
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा की विचारधारा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोहित नागर जैसे संतों का कांग्रेस में आना यह दर्शाता है कि धार्मिक जगत में भी वर्तमान स्थिति को लेकर बेचैनी है। पटवारी ने कहा कि नागर जी ने समाज की व्यथा बताई है। कट्टरता किसी भी धर्म या समाज में सकारात्मकता नहीं ला सकती। भाजपा कट्टर हिंदू बनाने के नाम पर केवल नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मोहित नागर अब अपनी कथाओं के माध्यम से जनता के बीच इस सच को साझा करेंगे।
