अब जिलों में ताकतवर होंगे संगठन महामंत्री, भोपाल में प्रशिक्षण आज
भोपाल।प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद अब कांग्रेस अपने जमीनी नेटवर्क को अभेद्य बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। संगठन को धार देने के लिए प्रदेश कांग्रेस अब जिलों में संगठन महामंत्रियो को एआईसीसी की तर्ज पर व्यापक अधिकार सौंपने जा रही है। इसी सिलसिले में सोमवार को राजधानी भोपाल में प्रदेश के 71 जिला संगठन महामंत्रियों’’ का एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, जिला संगठन महामंत्रियों को अब जिला, ब्लॉक, उप-ब्लॉक और मंडल-सेक्टर स्तर पर नियुक्तियों और संगठनात्मक आदेश जारी करने की शक्ति मिल सकती है। प्रशिक्षण के दौरान सभी पदाधिकारियों को एक विशेष वर्किंग फोल्डर दिया जाएगा, जिसमें उनके अधिकार क्षेत्र, जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली का स्पष्ट लेखा-जोखा होगा। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ’’जीतू पटवारी’’, संगठन महामंत्री संजय कामले और प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी मुख्य रूप से मौजूद रहकर जीत का मंत्र देंगे।
तालमेल पर जोर, नहीं होगा अध्यक्षों से टकराव
अक्सर संगठनों में अधिकारों को लेकर खींचतान देखी जाती है, जिसे रोकने के लिए कांग्रेस ने विशेष योजना बनाई है। प्रशिक्षण में यह साफ किया जाएगा कि संगठन महामंत्री, जिला अध्यक्ष के मुख्य सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे। संगठन महामंत्री की भूमिका जिला अध्यक्ष के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की होगी। उनका मुख्य कार्य संगठन की गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग और निचले स्तर तक अनुशासन बनाए रखना होगा।
