मंत्री बोले बड़े भोज से बचें, मेहमान कम बुलाएं
प्रदेश में न पेट्रोल की कमी, न गैस की किल्लत
भोपाल। प्रदेश में गैस संकट की अफवाहों और विपक्षी घेराबंदी के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्थिति स्पष्ट की है। मंत्री ने प्रदेश की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य में ईंधन की कोई वास्तविक किल्लत नहीं है, साथ ही उन्होंने ईंधन बचत के लिए एक विशेष पारिवारिक फॉर्मूला भी सुझाया है।
मंत्री राजपूत ने नागरिकों से सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों में सहयोग की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि जनता फिलहाल 500, 1000 या 5000 लोगों के बड़े भोज आयोजित करने से परहेज करे। आयोजनों में मेहमानों की संख्या सीमित रखें ताकि रसोई गैस की खपत कम हो। ईंधन का संयमित उपयोग कर नागरिक भविष्य के लिए बचत में योगदान दें। मंत्री ने गैस की कमी की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि ईरान से गैस की खेप भारत पहुंच चुकी है, जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश भर में वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी रहेगी।
कांग्रेस पर पलटवार, भ्रम फैलाना बंद करे विपक्ष
ईंधन संकट के दावों को लेकर मंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर जनता के बीच डर का माहौल बना रहा है। प्रदेश में न तो पेट्रोल-डीजल की कमी है और न ही गैस की किल्लत होने वाली है। कांग्रेस नेता केवल आधारहीन आरोप लगाकर भ्रम फैला रहे हैं।
1357 सिलेंडर जब्त
एलपीजी की कालाबाजारी तथा जमाखोरी के विरूद्ध जारी निर्देशों के पालन में प्रदेश भर में लगातार कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में 1025 स्थानों पर कार्यवाही कर 1357 सिलेंडर जब्त किये गए तथा 08 प्रकरण में एफआईआर की गयी। पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी तथा घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता के सम्बन्ध में ऑयल कंपनियों से समन्वय के लिए राज्य स्तर पर 6 सदस्यीय समिति भी गठित की गयी है, जो प्रदेश में कामर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी करेगी।
घरेलू गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश
अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण रश्मि अरूण शमी ने घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने तथा एजेंसियों के माध्यम से वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये हैं। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार ने प्रेस ब्रीफ जारी कर नागरिकों से पैनिक बुकिंग नही करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय द्वारा जारी एडवाइजरी में एजेंसी पर जाकर बुकिंग करने के स्थान पर डिजिटल माध्यम से बुकिंग करने की सलाह दी गयी है। ऑयल कंपनियों द्वारा मोबाइल एप, एसएमएस, व्हाट्सएप तथा आईवीआरएस कॉल द्वारा गैस बुकिंग की सुविधा प्रदान की गयी हैद्य अतःउपभोक्ता बुकिंग के लिए इन डिजिटल माध्यम का प्रयोग करें।
