नगर निगम में लोकायुक्त का छापा, करोड़ों के फर्जी बिल घोटाले की जांच
भोपाल। राजधानी भोपाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने आज सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। लोकायुक्त की टीम ने भोपाल नगर निगम के दो महत्वपूर्ण कार्यालयों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के कथित फर्जी बिल घोटाले और संबल योजना में हुई अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की गई है।
लोकायुक्त की टीमों ने फतेहगढ़ स्थित कार्यालय और लिंक रोड नंबर-2 स्थित मुख्य कार्यालय पर सुबह दबिश दी। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टीम ने सबसे पहले नगर निगम की कम्प्यूटर शाखा (सर्वर रूम) को अपने नियंत्रण में ले लिया। वर्तमान में लेनदेन से जुड़े सभी ऑनलाइन दस्तावेजों और डिजिटल फुटप्रिंट्स की बारीकी से जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, लोकायुक्त को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि नगर निगम में बिना कोई जमीनी काम किए, कागजों पर फर्जी बिल तैयार कर करोड़ों रुपये का भुगतान निकाला जा रहा है। संबल योजना से जुड़े भुगतान और पिछले 10 वर्षों के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के पिछले 10 साल पुराने रिकॉर्ड जब्त किए हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि यह घोटाला लंबे समय से सिंडिकेट के रूप में चल रहा था।
