राजधानी में दो दिनों तक तीन राज्यों के युवा विधायक करेंगे महामंथन
भोपालल। प्रदेश की राजधानी भोपाल जल्द ही तीन राज्यों के उभरते हुए युवा के संगम का केंद्र बनेगी। आगामी 30 और 31 मार्च को विधानसभा के मानसरोवर भवन (विधान परिषद परिसर) में एक भव्य युवा विधायक सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। इस दो दिवसीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के 45 वर्ष से कम उम्र के लगभग 70 से 80 विधायक शामिल होकर संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे।
विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने बताया कि इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। सम्मेलन की खास बात यह है कि इसमें केवल 45 वर्ष से कम आयु के युवाओं को ही अपनी बात रखने और सीखने का मंच मिलेगा। सचिवालय ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभाओं से उनके युवा विधायकों की सूची मांगी है, ताकि व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा सके। सम्मेलन की गरिमा बढ़ाने के लिए कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को विशेष आमंत्रण भेजा गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय कार्यक्रम में शामिल होकर युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। सम्मेलन में राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्षों को भी इस मंथन का हिस्सा बनने के लिए न्योता दिया गया है।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य
इस आयोजन का प्राथमिक लक्ष्य युवा जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यप्रणाली की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें विधायी कार्यों में अधिक प्रभावी बनाना है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर स्वयं इन तैयारियों की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं ताकि यह सम्मेलन अंतरराज्यीय सहयोग और विधायी कौशल के विकास में मील का पत्थर साबित हो।
