विधायक पाठक की फर्मों से कब तक होगी रिकवरी
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूछा
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री के विजयराघवगढ़ दौरे से ठीक पहले एक पत्र लिखकर सियासी हलचल तेज कर दी है। पटवारी ने क्षेत्रीय विधायक संजय पाठक से जुड़े भ्रष्टाचार, बेनामी संपत्ति और न्यायिक दबाव के गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से पांच तीखे सवाल किए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की है कि मुख्यमंत्री 14 मार्च को अपने दौरे के दौरान जनता को इन बिंदुओं पर स्पष्टीकरण दें। उन्होंने जानना चाहा है कि विधायक संजय पाठक के परिवार के सदस्यों एवं उनकी फर्मों से कब तक रिकवरी की जाएगी।
पटवारी ने पत्र में दावा किया है कि विधानसभा में दिए गए सरकारी जवाब के अनुसार, विधायक संजय पाठक की पारिवारिक फर्मों पर लगभग 443 करोड़ रुपये की रिकवरी बकाया है। उन्होंने पूछा कि यह राशि कब वसूली जाएगी और विधायक को डिमांड नोटिस कब जारी होगा? उन्होंने आरोप लगाया गया है कि लगभग 1143 एकड़ भूमि, जो गरीब आदिवासी परिवारों के नाम पर है, विधायक की बेनामी संपत्ति है। कांग्रेस ने इस मामले में राज्य सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उल्लेख है कि सहारा निवेशकों के धन से खरीदी गई 309 एकड़ जमीन के मामले में विधायक के परिजनों और फर्मों पर एफआईआर (एफआईआर) दर्ज कर भूमि को अटैच किया जाना चाहिए। कटनी की योजना क्रमांक 15 की भूमि, जो 311 परिवारों को मिलनी थी, उस पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए इसे पुनः नगर निगम के अधिकार में लेने की मांग की गई है ताकि गरीबों को सस्ते प्लॉट मिल सकें। पटवारी ने कोर्ट के एक आदेश का हवाला देते हुए कहा कि विधायक ने न्यायाधीश के निर्णय को प्रभावित करने का प्रयास किया है। उन्होंने सरकार से पूछा कि इतने गंभीर मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई?
