जूडा ने प्रदर्शन कर निकाला मार्च, हड़ताल की दी चेतावनी
भोपाल। राजधानी भोपाल में जूनियर डॉक्टरों ने अपनी मांगों को लेकर आज प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे जूडा ने अपनी मांगों को लेकर जस्टिस मार्च निकाला। इस दौरान जूडा ने कहा कि डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ा दिया गया है, लेकिन हमारा नहीं बढ़ाया गया। अधिकारियों की तरफ से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। वहीं उन्होंने मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी हैं।
प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने-काम करने वाले जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन तेज हो गया है। राजधानी भोपाल में जूडा ने स्टाइपेंड में बढ़ोतरी और लंबित भुगतान में हो रही देरी को लेकर प्रदर्शन किया। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जूडा) ने चेतावनी दी है कि सोमवार से वे नॉन-इमरजेंसी सेवाओं का बहिष्कार करेंगे, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। आपको बता दें कि जूडा ने चरणबद्ध विरोध की रणनीति अपनाई है। पहले काली पट्टी, फिर आज मार्च निकाला और मांगें पूरी नहीं हुई तो नॉन-इमरजेंसी सेवाओं ( ओपीडी, रूटीन चेकअप आदि) का बहिष्कार करने की बात कही है। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी।
