शिवराज ने लिए पांच संकल्प, विदिशा में खुलेंगे फ्री कोचिंग सेंटर
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना जन्मदिन सेवा और संकल्प के साथ मनाया। पांव-पांव वाले भैया’ के नाम से मशहूर शिवराज ने इस अवसर पर न केवल समाज सेवा के पाँच बड़े संकल्प लिए, बल्कि अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा-रायसेन के युवाओं और ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगातों का ऐलान भी किया।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन को दिखावे से दूर रखते हुए व्यक्तिगत और सामाजिक सुधार के लिए पांच संकल्पों की घोषणा की है। उन्होंने पांच संकल्पों के तहत ’पर्यावरण संरक्षण के तहत स्वस्थ पर्यावरण के लिए निरंतर वृक्षारोपण, सामाजिक समरसता के तहत समाज के हर वर्ग के बीच भाईचारा बनाए रखना, दिव्यांग सेवा के तहत दिव्यांग भाई-बहनों की सहायता और सेवा करना, ’नागरिक कर्तव्य के तहत एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में कर्तव्यों का पालन करना और महिला सशक्तिकरण के तहत महिलाओं के उत्थान और सम्मान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया है। उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन पौधे लगा रहे हैं और अपने जन्मदिन पर भी उन्होंने परिवार व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पौधारोपण किया।
शिक्षा और स्वास्थ्य की बड़ी सौगात
अपने लोकसभा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने दो महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे गरीब मेधावी छात्रों के लिए विदिशा संसदीय क्षेत्र में फ्री कोचिंग सेंटर खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि पैसे की कमी किसी भी बच्चे के सपनों के आड़े नहीं आएगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में चलित क्लिनिक शुरू किए जाएंगे। ये क्लिनिक गांवों में जाकर सामान्य बीमारियों का इलाज और आवश्यक जांच करेंगे।
वैश्विक युद्ध पर चिंता, अनाज की कोई कमी नहीं
ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवराज सिंह ने शांति की अपील की। उन्होंने कहा कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं है और इसे जल्द समाप्त होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने देशवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारत में अनाज के भंडार सुरक्षित हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
