फिल्म शतक प्रदेश में टैक्स-फ्री
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने फिल्म शतक, संघ के 100 वर्ष को राज्य में टैक्स-फ्री करने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद अब प्रदेश के सिनेमाघरों में यह फिल्म बिना एंटरटेनमेंट टैक्स के दिखाई जाएगी, जिससे टिकट दरों में कमी आएगी और दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। सरकार के इस निर्णय के बाद फिल्म को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
यह फिल्म राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 साल की यात्रा को दर्शाती है। कहानी 1925 में नागपुर में स्थापना से शुरू होकर संगठन के विस्तार और विभिन्न ऐतिहासिक पड़ावों तक जाती है। फिल्म में विचारधारा, सामाजिक गतिविधियों और संगठन के विकास को सिनेमाई रूप में पेश किया गया है। दर्शकों का कहना है कि यह एक डॉक्यूड्रामा शैली में तैयार की गई प्रस्तुति है, जो इतिहास के अहम पहलुओं को सामने लाती है। मुख्यमंत्री डा यादव का कहना है कि यह फिल्म समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषय को सामने लाती है, इसलिए इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचना चाहिए। सरकार का मानना है कि फिल्म टैक्स-फ्री होने से आम दर्शक कम कीमत में फिल्म देख पाएंगे और ऐतिहासिक विषय पर आधारित कंटेंट को प्रोत्साहन मिलेगा।
