प्रवक्ताओं की रेस में डॉक्टर और इंजीनियर भी दावेदार
कांग्रेस का नेशनल टैलेंट हंट में आवेदनकर्ताओं की लंबी कतार
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस में अब धारदार और प्रखर आवाज वाले नए चेहरों की फौज तैयार होने जा रही है। पार्टी के मीडिया विभाग द्वारा शुरू किए गए नेशनल टैलेंट हंट अभियान ने इस बार पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। पार्टी की विचारधारा को टीवी डिबेट और धरातल पर मजबूती से रखने के लिए प्रदेश भर से 1,700 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपनी दावेदारी पेश की है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार इस बार कार्यकर्ताओं का उत्साह अभूतपूर्व है। जहाँ पहले इस प्रक्रिया में औसतन 100 आवेदन प्राप्त होते थे, वहीं इस साल यह संख्या 1,700 के पार पहुँच गई है। 28 फरवरी तक चली इस आवेदन प्रक्रिया ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस का युवा कार्यकर्ता मीडिया प्रबंधन और संवाद की जिम्मेदारी लेने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इंजीनियर और डॉक्टर भी कतार में’’
इस टैलेंट हंट की सबसे खास बात इसमें शामिल होने वाले आवेदकों का शैक्षणिक स्तर है। आवेदकों में केवल राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि इंजीनियर, डॉक्टर्स और अन्य क्षेत्रों के उच्च शिक्षित पेशेवर भी शामिल हैं। पार्टी का मानना है कि विषय विशेषज्ञों और प्रोफेशनल्स के आने से डिबेट्स और प्रेस वार्ताओं में पार्टी का पक्ष अधिक तार्किक और तथ्यात्मक तरीके से रखा जा सकेगा।
चयन प्रक्रिया और विशेष ट्रेनिंग
प्राप्त हुए आवेदनों की छंटनी जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके बाद की प्रक्रिया कुछ इस प्रकार होगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का एक पैनल आवेदकों का इंटरव्यू लेगा, उम्मीदवारों की वाकपटुता, विषय की समझ और त्वरित जवाब देने की क्षमता को जांचा जाएगा और चयनित उम्मीदवारों को अनुभवी नेताओं और मीडिया विशेषज्ञों द्वारा विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी ताकि वे विपक्ष के हमलों का प्रभावी जवाब दे सकें।
