अब काम तय करेगा ’प्रमोशन’, कर्मचारियों के परफॉर्मेंस की होगी सख्त स्क्रूटनी
भोपाल। प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक कार्यकुशलता को नई धार देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब सरकारी महकमों में प्रमोशन केवल वरिष्ठता की लंबी कतार देखकर नहीं, बल्कि साल भर किए गए काम के ठोस मूल्यांकन के आधार पर मिलेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंत्रालय स्तर पर तैनात तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के कामकाज का कच्चा चिट्ठा तलब कर लिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। जारी पत्र के अनुसार, मंत्रालय में कार्यरत सहायक अनुभागीय अधिकारी, सहायक ग्रेड 2, ग्रेड 3, निजी सहायक, स्टेनोग्राफर और तकनीकी कर्मचारियों को 7 दिन के भीतर अपने साल भर के कार्यों का विस्तृत ब्योरा देना होगा। यह प्रक्रिया 31 मार्च से पहले अनिवार्य रूप से पूरी की जानी है।
इन श्रेणियों पर रहेगी विशेष नजर
तृतीय श्रेणी के तहत सहायक अनुभागीय अधिकारी , सहायक ग्रेड-2, ग्रेड-3, निजी सहायक और स्टेनोग्राफर, तकनीकी वर्ग में विभाग से जुड़े सभी तकनीकी कर्मचारी और चतुर्थ श्रेणी में समस्त सहायक कर्मचारी ष्शामिल किए गए हैं।
ऑनलाइन गोपनीय प्रतिवेदन अनिवार्य
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों का ऑनलाइन गोपनीय प्रतिवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर उपलब्ध कराना होगा। इस पूरी प्रक्रिया को टाइम बाउंड (समयबद्ध) रखा गया है। सरकार ने चेतावनी दी है कि रिपोर्ट सौंपने में किसी भी प्रकार की देरी या ढिलाई होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
