मुख्यमंत्री पहुंचे दिल्ली, अमित शाह से की मुलाकात
विकास के एजेंडे पर हुई विस्तृत चर्चा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा प्रदेश के विकास और आगामी कार्ययोजनाओं के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रदेश की वर्तमान स्थिति और विकास कार्यों की गति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की इस बैठक में प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ। सूत्रों के अनुसार दोनों के बीच राज्य में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में चर्चा हुई। मध्य प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए केंद्र सरकार की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। सहकारिता क्षेत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया। केंद्र और राज्य के बीच तालमेल को और अधिक बेहतर बनाने के प्रयासों को गति देने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही प्रमुख योजनाओं की जानकारी देते हुए केंद्र सरकार द्वारा मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संगठनात्मक और राजनीतिक नियुक्तियों पर मंथन
सूत्रों की माने तो दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ भी संवाद किया। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात की। इन बैठकों को संगठनात्मक मजबूती और प्रदेश की राजनीतिक सक्रियता के नजरिए से देखा जा रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित निगम-मंडलों की नियुक्तियों को लेकर माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे में इस विषय पर हुई चर्चा के बाद मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है। मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की इस मुलाकात के बाद निगम-मंडलों में नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू होने के कयास भी लगाए जा रहे है। सूत्रों का कहना है क आने वाले दिनों में प्रदेश में नई नियुक्तियों की प्रक्रिया में तेजी देखने को मिलेगी, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होने की उम्मीद है।
