अन्नदाता की बदहाली छिपाने के लिए प्रचार का सहारा
किसान कल्याण के दावों पर कांग्रेस का हमला
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पेश किए गए वर्ष 2026-27 के बजट पर कड़ा प्रहार किया है। बजट को ’किसान कल्याणकारी’ बताए जाने पर पटवारी ने इसे महज कागजी दावा करार देते हुए कहा कि सरकार ढोल पीटकर खेतों की बदहाली नहीं छिपा सकती।
पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार जिस ’खेतों के सशक्तिकरण’ का राग अलाप रही है, हकीकत उससे बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा डीजल, खाद, बीज और कीटनाशकों की बढ़ती लागत ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है। समर्थन मूल्य पर फसल की खरीद में देरी और भंडारण के अभाव ने किसानों को साहूकारों के चंगुल में फंसने पर मजबूर कर दिया है। आय दोगुनी करने का वादा अब केवल आंकड़ों के मायाजाल में सिमट कर रह गया है।
आत्महत्या के आंकड़ों पर मांगा स्पष्टीकरण
कांग्रेस अध्यक्ष ने दिसंबर 2023 से जनवरी 2026 के बीच प्रदेश में हुई किसानों और कृषि श्रमिकों की आत्महत्याओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार से श्वेत पत्र की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट गंभीर संकट की ओर इशारा करती है, लेकिन सरकार पुनर्वास और मानसिक स्वास्थ्य सहायता पर चुप्पी साधे हुए है।
भूमि अधिग्रहण पर उठाए सवाल
उज्जैन और इंदौर अंचल में भूमि अधिग्रहण का जिक्र करते हुए पटवारी ने कहा कि विकास के नाम पर किसानों की सहमति और उचित मुआवजे को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जिन भी जिलों में जमीनें अधिग्रहित की गई हैं, वहां की मुआवजा नीति और भुगतान का पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाए।
कांग्रेस की मुख्य मांग
पटवारी ने कहा कि वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लिए जिला-वार वास्तविक फसल-नुकसान का आंकड़ा सार्वजनिक हो, कर्जग्रस्त किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की घोषणा की जाए, आत्महत्या और कर्ज के मामलों की जांच के लिए एक स्वतंत्र समिति गठित की जाए, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी और बीमा कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए।
धरातल पर काम करे सरकार
पटवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यह बजट वास्तव में किसानों के लिए है, तो सरकार विज्ञापनों पर खर्च करने के बजाय सिंचाई विस्तार, शून्य ब्याज ऋण और समयबद्ध भुगतान की व्यवस्था करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अन्नदाता के अधिकारों की लड़ाई हर लोकतांत्रिक मंच पर जारी रखेगी।
