समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 7 मार्च तक किसान कर सकेंगे पंजीयन
भोपाल। प्रदेश के किसानों के पास समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए 7 मार्च तक पंजीयन कराने का मौका है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मुताबिक रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए अब तक 4 लाख 42 हजार 288 किसानों ने पंजीयन करा लिया है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किसानों से अपील की है कि निर्धारित समय में पंजीयन जरूर करा लें। किसान पंजीयन की व्यवस्था को सहज और सुगम बनाया गया है। कुल 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। केंद्र सरकार की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपए प्रति क्विंटल घोषित किया गया है, जो गत वर्ष से 160 रुपए अधिक है। मंत्री के मुताबिक अभी तक इंदौर संभाग में 54 हजार 587, उज्जैन में एक लाख 48 हजार 905, ग्वालियर में 9695, चम्बल में 4692, जबलपुर में 39 हजार 885, नर्मदापुरम में 34 हजार 181, भोपाल में एक लाख 9 हजार 134, रीवा में 13 हजार 260, शहडोल में 2551 और सागर में 25 हजार 398 किसानों ने पंजीयन कराया है।
किसानों को एसएमएस से सूचित करने के निर्देश
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विगत रबी और खरीफ के पंजीयन में जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस से सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। गांव में डोंडी पिटवाकर ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर पंजीयन सूचना प्रदर्शित कराने तथा समिति, मंडी स्तर पर बैनर लगवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
