आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने निकाली न्याय यात्रा
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित जेपी अस्पताल बुधवार को भारी विरोध प्रदर्शन का केंद्र बन गया। अपनी 9 सूत्री मांगों को लेकर प्रदेशभर से आए हजारों आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने न्याय यात्रा निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मध्य प्रदेश संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन प्रदेशभर के कर्मचारी शामिल हुए। जेपी अस्पताल परिसर में अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ इन कर्मचारियों ने नारेबाजी की और उनकी मांग पूरी करने की बात कही। प्रदर्शनकारियों ने संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकालने की योजना बनाई थी। हालांकि, प्रशासन ने सुरक्षा का हवाला देते हुए उन्हें अस्पताल परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने मुख्य गेट पर भारी बैरिकेडिंग कर दी और प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस बल के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। स्वास्थ्य अधिकारी-कर्मचारी महासंघ के प्रदेष अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कौरव ने कहा कि कर्मचारी 2 फरवरी से निरंतर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी 12 से 14 घंटे काम करके सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था संभाल रहे हैं, लेकिन इनका लगातार शोषण किया जा रहा है। अब यह लड़ाई आर-पार की है।
