किसान महाचौपाल में हुंकार भरेंगे राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे
भोपाल। भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सड़क से संसद तक विरोध की रणनीति के बीच, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल कल यानी 24 फरवरी को एक बड़े सियासी घटनाक्रम की गवाह बनेगी। यहाँ आयोजित किसान सम्मेलन में शिरकत करने कांग्रेस के दो सबसे बड़े चेहरे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहुंच रहे हैं।
दोनों दिग्गज नेताओं के भोपाल दौरे का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस दौरे का मुख्य केंद्र जवाहर चौक होगा, जहां ’किसान महाचौपाल’ के जरिए किसानों से सीधा संवाद किया जाएगा। कांग्रेस के इन राष्ट्रीय नेताओं का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। वे दिल्ली से विशेष विमान द्वारा भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर दोपहर 01ः00 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे यहां से कार्यक्रम स्थल पर रवाना होंगे। दोपहर 3 बजकर 30 मिनट तक वे किसान महाचौपाल में किसानों से संवाद कर संबोधन करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। कांग्रेस का आरोप है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से भारतीय किसानों के हितों को नुकसान पहुंचेगा। इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी करीब डेढ़ घंटे तक किसानों के बीच रहेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और इस डील के प्रभावों पर चर्चा करेंगे।
