सरसों पर भावांतर देगी सरकार, उड़द पर मिलेगा बोनस
मुख्यमंत्री ने की विधानसभा में घोषणा
भोपाल। मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार सरसों की फसलों पर भी भावांतर देगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा मूंग की बजाय उड़द के उत्पादन बढ़ाने पर फोकस है। उड़द पर बोनस देने का काम सरकार रही है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज विधानसभा में कहा कि किसानों की बेहतरी के लिए सरकार लगातार नई योजनाएं बना रही है। सोयाबीन पर भावांतर योजना लागू से किसानों को फायदा मिला है। इस साल सरसों का रकबा 28 प्रतिशत बढ़ा है। जनवरी तक बाजार में सरसों का भाव 5500 से 6 हजार रुपये प्रति क्विंटल रहा, जबकि केंद्र सरकार के द्वारा एमएसपी 6200 रूपये प्रति क्विंटल है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। सरसों के उत्पादन को भावांतर योजना के निर्धारित प्रावधानों और पात्रता के अनुसार शामिल करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
उड़द पर बोनस देने का काम रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मूंग की बजाय उड़द पर बोनस देने का काम भी प्रदेश सरकार कर रही है। 600 रूपये प्रति क्विंटल किसानों को बोनस देने का फैसला हमारी सरकार ने किया है। मूंग की बजाय उड़द के उत्पादन पर हमारा विशेष ध्यान है, इसलिए बोनस देने का फैसला किया है। हमारी सरकार चना, मसूर, तुअर का उत्पादन करने का भी प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। चना और मसूर के उपार्जन के लिए 24 मार्च से 30 मई तक का समय तय किया गया है।
प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम पर हंगामा
बजट चर्चा के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भाजपा-कांग्रेस के प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम को लेकर विधानसभा का माहौल अचानक गरमा गया। कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर इतना तेज हुआ कि सदन में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। कांग्रेस विधायक भंवर सिंह शेखावत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यालयों को निशाना बनाया गया और भोपाल व इंदौर में इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए। शेखावत ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमले किए। इस पर भाजपा विधायक शैलेन्द्र जैन ने पलटवार करते हुए कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश की छवि धूमिल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पत्थर फेंके गए। जैन के इस बयान के बाद सदन में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
ट्रंप और मोदी का मुखौटा लगाकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेसी
विधानसभा के बजट सत्र के छठवें दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक यूएस प्रेसीडेंट डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर पहुंचे थे। इस दौरान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील में भारत के किसानों का छला गया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार किसान विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ जो डील की गई है उससे किसानों, कपास वाले किसानों, सोयाबीन वाले किसानों, धान वाले किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ की गई ट्रेड डील भारत के किसानों के साथ अन्याय है।
