नेशनल हाईवे पर बने ब्रिज का हिस्सा ढहने के मामले कंपनी को किया ब्लैकलिस्ट
भोपाल। जबलपुर में नेशनल हाईवे पर बने ब्रिज का हिस्सा ढहने के मामले में सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि निर्माण करने वाली कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी और ब्रिज निर्माण से जुड़े इंजीनियरों पर भी कार्रवाई होगी।
मंत्री ने कहा कि प्रथम दृष्टया साफ लापरवाही सामने आई है और जिम्मेदार अधिकारियों पर जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अलग से जांच समिति गठित करने की आवश्यकता नहीं बताई गई है। जानकारी के अनुसार जबलपुर में नेशनल हाईवे 45 पर बना ब्रिज अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे हाईवे का आवागमन प्रभावित हो गया। यह मार्ग जबलपुर को भोपाल से जोड़ता है।
बताया जा रहा है कि ब्रिज का एक हिस्सा पिछले कई महीनों से क्षतिग्रस्त था और यातायात केवल एक हिस्से से संचालित किया जा रहा था। अब दूसरा हिस्सा भी गिरने से स्थिति और गंभीर हो गई है। घटना के बाद यातायात को शहपुरा शहर के अंदर से डायवर्ट किया गया है। करीब चार साल पहले तैयार हुए इस ब्रिज के इतने कम समय में क्षतिग्रस्त होने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने भी पहले से ब्रिज की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।
