अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर कांग्रेस का हल्ला बोल 24 को
भोपाल में होगी किसान महापंचायत, राहुल-खड़गे होंगे शामिल
भोपाल। केंद्र सरकार की विदेश व्यापार नीतियों और अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार की नीतियां देश के अन्नदाता के हितों की बलि चढ़ाकर विदेशी शक्तियों को लाभ पहुँचा रही हैं। इस विरोध को धार देने के लिए कांग्रेस ने 24 तारीख को भोपाल के अटल पथ (जवाहर चौक) पर एक विशाल किसान महापंचायत का आह्वान किया है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि रूस से तेल संबंधों में किए जा रहे बदलावों के जरिए अमेरिका को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आगाह किया कि इस ट्रेड डील का सबसे बुरा असर मध्य प्रदेश के सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों पर पड़ेगा। श्रीनेत के अनुसार, आयात शुल्क में संभावित कटौती से भारतीय कृषि बाजार में विदेशी उत्पादों की बाढ़ आ जाएगी, जिससे घरेलू किसानों की कमर टूट जाएगी।
ट्रंप के टैरिफ’ और न्यायिक दखल का दिया हवाला
सुप्रिया श्रीनेत ने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका में भी डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए कई टैरिफ को वहां की अदालतों ने खारिज कर दिया है। इससे साफ है कि ट्रेड टैरिफ का मुद्दा वैश्विक स्तर पर विवादित है। कांग्रेस ने मांग की है कि भारत सरकार बिना व्यापक चर्चा और किसानों की सहमति के किसी भी ऐसे समझौते पर हस्ताक्षर न करे जो देश की कृषि अर्थव्यवस्था को संकट में डाले।
दिग्गज नेताओं का होगा जमावड़ा
राजधानी भोपाल में होने वाली इस महापंचायत को कांग्रेस ने अपनी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनाया है। महापंचायत में प्रमुख अतिथि के रूप में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के विभिन्न किसान संगठन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता। केंद्र सरकार पर दबाव बनाना और कृषि सुरक्षा के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना।
