भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पथराव पर शुरू हुआ आरोप-प्रत्यारोप का दौर
भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल और इंदौर में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुए पथराव के बाद दोनों ही दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जहाँ कांग्रेस इसे लोकतंत्र की हत्या बता रही है, वहीं भाजपा ने इसे कांग्रेस की ’गुंडागर्दी’ करार दिया है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार और सत्ताधारी दल को घेरा है। सिंघार ने कहा कि देश में इस वक्त इमरजेंसी जैसे हालात हैं। भाजपा विकास की बात छोड़कर अब खुलेआम गुंडागर्दी पर उतर आई है। यह हमला अचानक नहीं हुआ, बल्कि दिल्ली और नागपुर के इशारे पर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है और इस तानाशाही का डटकर मुकाबला करेगा।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर बरसाए पत्थर
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे कांग्रेस की अराजकता बताया। उन्होंने कहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न केवल पत्थरबाजी की, बल्कि महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी को अपने अराजक कार्यकर्ताओं का बचाव करने के बजाय प्रदेश से माफी मांगनी चाहिए। राहुल गांधी की आगामी यात्रा पर तंज कसते हुए अग्रवाल ने कहा कि वे अलोकप्रियता की मिसाल हैं और उन्हें कर्ज माफी जैसे अधूरे वादों पर जवाब देना चाहिए।
