खाली सिलेंडर और चकला-बेलन लेकर महिला कांग्रेस का प्रदर्शन
गैस सिलेंडर की कीमत चार सौ रूपए की जाए
भोपाल। राज्य विधानसभा के बजट सत्र के बीच मंगलवार को राजधानी की सड़कों पर महंगाई के खिलाफ आक्रोश का अनोखा नजारा देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस ने रसोई संसद लगाकर सरकार को घेरा। प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने खाली सिलेंडर, चूल्हा और चकला-बेलन के साथ प्रदर्शन किया और बीच सड़क पर रोटियां बेलकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने हाथों में खाली कड़ाही और थालियां पीटकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। उनका कहना है कि रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। दाल, अनाज और खाद्य तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिससे आम आदमी की थाली से दाल-रोटी भी दूर होती जा रही है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेठिया ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में उज्ज्वला योजना दम तोड़ रही है। विडंबना देखिए कि मंत्रालय के सामने रहने वाले आदिवासी बच्चे आज भी सिर पर लकड़ियां ढोने को मजबूर हैं। प्रदेश के 16 लाख हितग्राही ऐसे हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण अपना दूसरा सिलेंडर तक नहीं भरवा पाए हैं। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता रूपाली शर्मा ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब महंगाई पर खूब शोर मचाती थी, लेकिन आज सत्ता में आते ही जनता की तकलीफों पर चुप्पी साधे बैठी है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है, जबकि जमीनी हकीकत में गरीब का चूल्हा बुझने की कगार पर है।
19 को मंत्री बंगले के घेराव की चेतावनी
महिला कांग्रेस ने सरकार के सामने स्पष्ट मांग रखी है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत तत्काल घटाकर 400 रूपए की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 18 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट में महंगाई से राहत देने वाले ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो 19 फरवरी को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव किया जाएगा।
