युवती से मारपीट का वीडियो वायरल, भाजपा मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस
भोपाल। सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सरेआम मारपीट का मामला अब राजनीतिक गलियारों में गरमा गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी की छवि पर उठते सवालों के बीच जिला भाजपा महामंत्री ने नागौद मंडल अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक विचलित करने वाला वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ। वीडियो में एक युवक एक युवती के साथ सरेआम मारपीट करता और उसे प्रताड़ित करता दिखाई दे रहा है। युवती खुद को बचाने की कोशिश करते हुए मदद की गुहार लगा रही है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि वीडियो में दिख रहा युवक भाजपा का नागौद मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन है। इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता और सार्वजनिक नाराजगी को देखते हुए भाजपा जिला संगठन ने इसे अनुशासनहीनता माना है। इसके बाद सतना जिला महामंत्री रमाकांत गौतम द्वारा मंडल अध्यक्ष को नोटिस दिया गया है। जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यह कृत्य पार्टी की गरिमा और अनुशासन के विरुद्ध है। इससे सार्वजनिक रूप से पार्टी की छवि धूमिल हुई है। मंडल अध्यक्ष से इस पूरे मामले में सात दिनों में जवाब मांगा है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
इधर, कानूनी मोर्चे पर भी शिकंजा कसता जा रहा है। पीड़िता की शिकायत पीड़िता की शिकायत पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (ए), 115 (2), 351 (3), 3 (5) एवं 324 (4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी आरोपी की गिरफतारी नहीं हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
