आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के ठिकानों पर राजस्थान एसटीएफ का छापा
मार्कशीट घोटाले में बड़ी कार्रवाई
भोपाल। राजधानी भोपाल में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब राजस्थान पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के कई ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। एसटीएफ की तीन अलग-अलग टीमों ने यूनिवर्सिटी की गांधी नगर और नर्मदापुरम रोड स्थित ब्रांच सहित संचालक सुनील कपूर के 10 नंबर स्थित निवास पर भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एसटीएफ ने नर्मदापुरम रोड स्थित यूनिवर्सिटी का मुख्य गेट लॉक कर दिया है। अंदर मौजूद स्टाफ और छात्र-छात्राओं को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है, और न ही किसी को अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। विशेष बात यह है कि राजस्थान एसटीएफ ने इस पूरी कार्रवाई की सूचना स्थानीय पुलिस को भी साझा नहीं की। सूत्रों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई राजस्थान में चल रहे एक मार्कशीट घोटाले के सिलसिले में की जा रही है। जांच के दौरान राजस्थान पुलिस ने एक संदिग्ध मार्कशीट जब्त की थी, जो आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी द्वारा जारी की गई थी। इसी कड़ी को जोड़ते हुए एसटीएफ की टीमें सबूत और दस्तावेज जुटाने भोपाल पहुंची हैं।
विवादों से पुराना नाता
आरकेडीएफ समूह और इसके संचालक सुनील कपूर का विवादों से पुराना नाता रहा है। प्रदेश आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने जुर्माने में रियायत देने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सुनील कपूर के खिलाफ मामला दर्ज किया था, हालांकि बाद में उन्हें क्लीनचिट मिल गई थी। सुनील कपूर पर तेलंगाना में भी फर्जी डिग्री जारी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज हो चुकी है, जिसमें तेलंगाना पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था। वर्तमान में राजस्थान एसटीएफ की कार्रवाई जारी है।
