असलम और सभी संदिग्धों का नारकोटिक्स टेस्ट कराने की मांग
भोपाल। राजधानी भोपाल के पुलिस कमिश्नर कार्यालय पर आज कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ननि के स्लाटर हाउस से निकले ट्रक में गाय के मांस के कथित मामलों के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही कांग्रेस ने असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा समेत सभी संदिग्धों का नारकोटिक्स टेस्ट कराने की मांग भी की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गोवंश की हत्या और गोमांस की तस्करी से जुड़े मामलों पर प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने इसे जनभावनाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए त्वरित जांच और कठोर दंड की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से पुलिस अधिकारियों को पीले चावल भी भेंट किए। नेताओं का कहना था कि यह शांतिपूर्ण विरोध और चेतावनी का प्रतीक है, ताकि प्रशासन मामले की गंभीरता को समझे और प्रभावी कार्रवाई करे। कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे मामले में सीधे तौर पर महापौर, मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) के सदस्यों और तत्कालीन नगर निगम कमिश्नर को कटघरे में खड़ा करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही असलम कुरैशी उर्फ चमड़ा समेत सभी संदिग्धों का नारकोटिक्स टेस्ट कराने की मांग उठाकर सियासी पारा और चढ़ा दिया है।
