अब चुगलखोरों से परेशान हुए पटवारी, दी सख्त हिदायत
अंदरूनी खींचतान से उबर नहीं पा रही कांग्रेस
भोपाल। प्रदेश में लगातार खराब दौर से गुजर रही कांग्रेस पार्टी अभी गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान से उबर भी नहीं पाई है कि अब पार्टी में चुगलखोरी का नया मामला सामने आ गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को मंच से हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं से अपील करनी पड़ी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अब पार्टी में कान फूंकने और पीठ पीछे शिकायतें करने का खेल नहीं चलेगा।
दरअसल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ता मंच के पास आकर कान में शिकायतें करते हैं, जिस पर वे उतनी ही तेजी से डांट लगाते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि कान फूंकने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि इस तरह की राजनीति अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छोटी-मोटी समस्याओं और जायज शिकायतों को सुनना उनकी जिम्मेदारी है।
कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर की अपील
चुगली की प्रवृत्ति पर नाराजगी जताते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की मजबूती के लिए उन्हें कितना भी अपमान क्यों न सहना पड़े, वे उसे स्वीकार करने को तैयार हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर अपील की कि आपसी मनमुटाव और खटास को दूर रखें तथा संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें।
गुटबाजी से कांग्रेस को हुआ भारी नुकसान
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश कांग्रेस को गुटबाजी की कीमत कई बार चुकानी पड़ी है। पिछले लोकसभा चुनाव में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता की कमी के चलते पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया था। वहीं, कमलनाथ की सरकार का गिरना भी अंदरूनी कलह का ही नतीजा माना गया। इतना ही नहीं, जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के बाद भी कई नेताओं ने खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
