वादाखिलाफी पर भड़के किसान, चलाएंगे जन जागरण अभियान
भोपाल। प्रदेश सरकार द्वारा चुनाव पूर्व किए गए वादों के अनुसार गेहूं और धान की खरीदी न किए जाने से किसानों में भारी असंतोष है। इसके विरोध में भारतीय किसान संघ ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। राजधानी भोपाल में आयोजित किसान संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार को घेरने के लिए पूरे प्रदेश में जन जागरण अभियान चलाया जाएगा।
बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकार अपने वादे को जल्द से जल्द पूरा करे। सरकार ने चुनाव के समय गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये प्रति क्विंटल करने का वादा किया था, जिसे अभी तक लागू नहीं किया गया है। अपनी मांगों को लेकर किसान संघ 26 जनवरी’’ से पूरे प्रदेश में जन जागरण अभियान शुरू करेगा। संघ ने सरकार को चेतावनी भी दी है कि यदि सरकार 2700 रुपये समर्थन मूल्य की घोषणा नहीं करती है, तो संघ प्रदेश स्तर पर एक बड़ा और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। बैठक में किसानों से जुड़े तमाम ज्वलंत विषयों पर चर्चा हुई है। पदाधिकारियों ने कहा कि हमारी मांग है कि समर्थन मूल्य को 2600 रुपये से बढ़ाकर वादे के मुताबिक 2700 रुपये किया जाए। किसान अब और इंतजार करने के मूड में नहीं है। इस अभियान के माध्यम से किसान संघ गांव-गांव जाकर किसानों को लामबंद करेगा, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके।
