जीतू पटवारी ने शिवराज सिंह को दी बहस की चुनौती
कहा दो बार भगवान राम का नाम जोड़ लें कांग्रेस को आपत्ति नहीं
भोपाल। मध्यप्रदेश में मनरेगा को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों के जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने न सिर्फ पलटवार किया, बल्कि उन्हें सार्वजनिक बहस की खुली चुनौती भी दे दी है।
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस को ग्राम, काम और राम से परेशानी है और वह भ्रम फैलाकर राजनीति कर रही है। चौहान के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा मनरेगा में एक की बजाय दो बार भगवान राम का नाम जोड़ दे, कांग्रेस को इस पर कोई आपत्ति नहीं है। पटवारी ने सवाल उठाया कि केंद्र सरकार द्वारा योजना का 40 प्रतिशत खर्च राज्यों पर डालने के बाद मनरेगा आखिर कैसे चलेगी।
कर्ज में डूबी सरकार कैसे देगी 40 फीसदी राशि?
जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगा रही है, जबकि हकीकत में भ्रम बीजेपी सरकार फैला रही है। उन्होंने पूछा कि जो मध्यप्रदेश सरकार रोज़ करीब 200 करोड़ रुपये का कर्ज ले रही है, संपत्तियां बेच रही है और हजारों करोड़ की देनदारियों में डूबी है, वह मनरेगा का 40 प्रतिशत व्यय कैसे वहन करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें आर्थिक प्रबंधन और संतुलन की समझ नहीं है। पटवारी ने कहा कि जिस दिन योजना में 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार पर डालने का फैसला किया गया, उसी दिन यह संदेश चला गया कि सरकार मनरेगा को खत्म करना चाहती है।
घर-घर जाएगा कांग्रेस का संदेश
पटवारी ने शिवराज सिंह चौहान को सीधी बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वह मनरेगा को लेकर उनसे आमने-सामने चर्चा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव, घर-घर जाकर मजदूरों, ग्रामीणों और किसानों तक पहुंचेगी और बताएगी कि किस तरह से योजना को कमजोर किया जा रहा है।
