दूषित पानी से मौत, कांग्रेस करेगी 11 को प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
भोपाल। इंदौर के भागीरथपुरा और कुलकर्णी का भट्टा क्षेत्र में दूषित पानी से 16 लोगों की मौत के बाद प्रदेश सरकार विपक्ष के निशाने पर है। कांग्रेस पार्टी इस मामले में रोज आरोप लगा रही है। इस विषय पर पार्टी ने अब बड़ी रणनीति बनाई है। अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर 11 जनवरी को प्रदेश व्यापी आंदोलन करेगी।
इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से मौत के मामले में मृतकों के परिजनों द्वारा 2-2 लाख रुपए के चैक वापस किए जाने के बारे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर आरोप लगाए हैं। पटवारी ने कहा कि सरकार पर मृतकों के परिवारजनों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपए का मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि सरकार के अधिकारी एक दौरे में डेढ़ लाख के काजू बादाम खा जाते हैं। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों के इंसाफ की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम 11 जनवरी को मां अहिल्या के चरणों में बैठ कर न्याय के लिए लड़ाई लड़ेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं के इंदौर पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मंत्री को बर्खास्त करें, अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज हो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री डा मोहन यादव में रीढ़ है तो कैलाश विजयवर्गीय को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। 16 लोगों की मौत और सिर्फ़ कुछ अधिकारियों के तबादले करने से कुछ नहीं होगा। यह सिस्टम का फेलियर है करप्शन है। नगर निगम आयुक्त और संबंधित लोगों पर ग़ैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए।
सावित्री बाई फुले को किया नमन
प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में क्रान्तिज्योति सावित्री बाई फुले की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर अनुसूचित जाति विभाग के नेतृत्व में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण एवं नियुक्ति आदेश वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
