सायबर ठगों पर कार्रवाई कर 137 करोड़ रुपए कराए होल्ड
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने सायबर वित्तीय फ्रॉड के खिलाफ प्रभावी और सतत कार्रवाई करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025 में प्रदेशभर से सायबर वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित कुल 55,659 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 581 करोड़ रुपये की फ्रॉड राशि में से 137 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को होल्ड (फ्रिज) कराने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में सायबर वित्तीय फ्रॉड से संबंधित 58,643 शिकायतें दर्ज की गई थीं। उस दौरान की गई तात्कालिक पुलिस कार्रवाई के परिणामस्वरूप लगभग 47 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की राशि को होल्ड कराया गया था। निरंतर प्रयासों और सख्त कार्रवाई का ही परिणाम है कि वर्ष 2024 में जहाँ मध्यप्रदेश इस श्रेणी में 22वें स्थान पर था, वहीं अब देश में सायबर फाइनेंसियल फ्रॉड के विरुद्ध फ्रॉड राशि को होल्ड करने के मामलों में हरियाणा, त्रिपुरा, गुजरात, दिल्ली एवं राजस्थान के बाद छठे स्थान पर पहुंच गया है।
