क्षितिज सिंघल बनाए गए इंदौर नगर निगम आयुक्त
भोपाल। इंदौर में भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। घटना के बाद इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव को हटाकर अब आईएएस क्षितिज सिंघल को नगर निगम इंदौर का आयुक्त बनाया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद की गई है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री डा यादव के निर्देश पर इंदौर नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह 2014 बैच के आईएएस अधिकारी क्षितिज सिंघल को इंदौर नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त आयुक्त आईएएस क्षितिज सिंघल वर्तमान में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में डायरेक्टर के पद पर पदस्थ थे। अब उन्हें इंदौर नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां सबसे बड़ी चुनौती जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करना मानी जा रही है। सरकार ने इस मामले में अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए हैं। नगर निगम के अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया और जल कार्य विभाग में पिछले 12 वर्षों से पदस्थ प्रभारी अधीक्षण यंत्री संजीव श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है।
