अलग अलग चेहरों से अटेंडेंस लगा रहे चिकित्सक
दो चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस
भोपाल। सार्थक ऐप में चिकित्सकों द्वारा नियम विरुद्ध अटेंडेंस लगाने की गड़बड़ी पाए जाने पर सीएमएचओ भोपाल द्वारा कार्यवाही की गई है। इस मामले में संजीवनी क्लीनिक के दो चिकित्सकों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। जल्द ही इनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक और वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
सीएमएचओ कार्यालय द्वारा सार्थक ऐप की नियमित समीक्षा के दौरान पाया गया था कि मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक गौतम नगर में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव सिंह द्वारा विगत दिनों कार्य स्थल से 500 से 600 किलोमीटर की दूरी से उपस्थित लगाई गई, जबकि प्रतिदिन की उपस्थिति भी लगभग 11 किलोमीटर दूर से लगाई जा रही थी। इसी प्रकार मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक बाग मुगलिया के चिकित्सक डॉ मिनहाज द्वारा लगाई गई उपस्थिति में अलग-अलग लोगों के चेहरे दिख रहे हैं। जो कि सार्थक ऐप से छेड़छाड़ को भी दर्शाता है। इन चिकित्सकों द्वारा लगाई गई उपस्थिति से प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि इनके द्वारा नियम विरुद्ध उपस्थिति दर्ज करवाई जा रही थी। साथ ही ये उनकी संस्था से अनुपस्थित को भी दर्शाता है। जिससे मरीजों के उपचार की सर्वोच्च प्राथमिकता भी प्रभावित हो रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ मनीष शर्मा ने बताया कि इस तरीके का कृत्य विभागीय दायित्वों के विपरीत है। साथ ही ये अवैधानिक भी है। इन चिकित्सकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक न होने पर इनके विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।
