पर्यटन स्थलों, दुर्गम क्षेत्रां तक पहुंचने में मदद करेंगी चार रोप वे
भोपाल। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रदेश में चार रोप वे बनाए जा रहे हैं। इनके बनने से पर्यटन स्थलों और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचना आसान होगा।
प्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार के दो वर्ष पूरे होने के मौके पर सभी मंत्री अपना रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे हैं। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह ने अपने विभाग के कामकाज और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। सिंह ने बताया कि बीते दो वर्षों में प्रदेश में सड़क निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर को प्राथमिकता दी गई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने का काम तेज़ी से चल रहा है, ताकि दूर-दराज के इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके। आने वाले समय में रोड नेटवर्क को और विस्तार देने की योजना है। सिंह ने बताया कि प्रदेश में चार रोपवे परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इन रोपवे परियोजनाओं से पर्यटन स्थलों और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच आसान होगी। इससे न सिर्फ आवाजाही सुधरेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सॉफ्टवेयर से होगी काम की निगरानी
अब सड़क निर्माण और अन्य परियोजनाओं की निगरानी सॉफ्टवेयर के जरिए की जाएगी। सिंह ने बताया कि प्रदेश में लोक कल्याण सरोवर तैयार किए गए हैं, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा। हर सरोवर के सामने एक बोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर उस सरोवर की लंबाई और चौड़ाई की पूरी जानकारी दर्ज होगी। इससे जल संरक्षण को लेकर जागरूकता भी बढ़ेगी। मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण किए जाएंगे। खराब निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित सड़कें मिल सकें।
