राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी की पदस्थापना का विरोध
जनसंपर्क अधिकारियों ने की कलम बंद हड़ताल
भोपाल। जनसंपर्क विभाग में राज्य प्रशासनिक सेवा (आरएएस) के एक अधिकारी की पदस्थापना को लेकर अधिकारियों में असंतोष गहरा गया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस आदेश को विभाग की गरिमा और पेशेवर संरचना के विरुद्ध बताते हुए आज सुबह 11 बजे से अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल की शुरुआत कर दी।
आयुक्त जनसंपर्क दीपक सक्सेना से प्रतिनिधिमंडल की भेंट के बाद, विभागीय कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया कि जब तक आरएएस अधिकारी गणेश जायसवाल की जनसंपर्क विभाग में पदस्थापना संबंधी आदेश निरस्त नहीं किया जाता, तब तक सभी अधिकारी-कर्मचारी कलम बंद रखेंगे और नियमित कार्य बाधित रहेंगे। विरोध कर रहे जनसंपर्क अधिकारियों का कहना है कि यह राजस्व अथवा प्रशासनिक प्रवृत्ति वाला विभाग नहीं, बल्कि राज्य सरकार और जनता के बीच संचार सेतु का संवेदनशील और रचनात्मक मंच है। इसमें बाहरी सेवाओं के हस्तक्षेप से कार्य-प्रवाह प्रभावित होता है और विभाग की विशेषज्ञता कमजोर पड़ती है। जानकारी के अनुसार विरोध की मुख्य वजह जनसंपर्क विभाग में दूसरे विभागों के अफसरों की पदस्थापना किया जाना है। कर्मचारियों का कहना है कि जायसवाल की नियुक्ति विभागीय अधिकार और उनकी वरिष्ठता को कमजोर करेगी, इसलिए यह निर्णय स्वीकार्य नहीं है।
