मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री को भेजा वीआईटी विश्वविद्यालय
छात्रों की समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश
भोपाल। प्रदेश की राजधानी से सटे सीहोर जिले स्थित वीआईटी भोपाल यूनिवर्सिटी में छात्र-छात्राओं द्वारा लगातार की जा रही खाना-पानी और अन्य सुविधाओं की शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री ने सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर को तत्काल वीआईअी भोपाल कैंपस पहुंचकर छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय प्रबंधन से संवाद करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को भी हॉस्टल में भोजन और पेयजल संबंधी समस्याओं का तुरंत निराकरण करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को भी सभी निजी विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों की उच्च स्तरीय समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्र हितों से जुड़ी हर समस्या की शीघ्र पहचान कर समाधान किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों का हित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था हमारी सर्वाच्च प्राथमिकता है।
ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर वीआईटी भोपाल के छात्र लगातार खराब खाने, गंदे पानी और हॉस्टल सुविधाओं को लेकर वीडियो और पोस्ट वायरल कर रहे थे, जिसके बाद मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा और त्वरित एक्शन लिया गया। इधर मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर गुरुवार क कैंपस का दौरा करने पहुंच गई है। जहां वे कलेक्टर कार्यालय में एसपी और कलेक्टर से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रही है। छात्रों ने मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
